01:11 PM, 16-Sep-2023
धार का खरगोन से संपर्क टूटा, कारम नदी पुल के ऊपर से बह रहा पानी
मध्यप्रदेश में भारी बारिश ने बीते कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश के कई नदी नाले उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं। धार जिले में भारी बारिश के चलते जिले का खरगोन से संपर्क टूट गया है। खरगोन के ग्राम दहिवर में जोड़ने वाले कारम नदी के पुल पर करीब चार फीट ऊपर से पानी बह रहा है। रास्ता बंद होने के चलते पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
12:19 PM, 16-Sep-2023

पातालपानी में उफान पर झरना।
– फोटो : अमर उजाला, इंदौर
उफान पर पातालपानी झरना
इंदौर में शुक्रवार से भारी बारिश जारी है। महू का पातालपानी झरना भारी बारिश के चलते पूरे शबाब पर बह रहा है। पातालपानी झरने की विहंगम तस्वीर सामने आई है।
12:11 PM, 16-Sep-2023

वेदा नदी में पुल के ऊपर से बह रहा पानी
– फोटो : अमर उजाला
भारी बारिश के चलते हेरिटेज ट्रेन रद्द
इंदौर और खंडवा में जारी भारी बारिश के चलते रेलवे द्वारा चलाई जाने वाली हेरिटेज ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। हेरिटेज ट्रेन पातालपानी से कालाकुंड के लिए चलती है। ट्रेन रद्द होने से कई यात्रियों को दिक्कते हुई हैं।
11:58 AM, 16-Sep-2023

धार के रहवासी इलाकों में भरा पानी
– फोटो : अमर उजाला
धार में रहवासी इलाकों में भरा डेढ़ फीट पानी
बारिश की लंबी खेंच के बाद आखिर धार शहर सहित जिले भर में बीते 24 घंटे से तेज बारिश का दौर जारी हैं। धार शहर में 24 घंटे में करीब छह इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के चलते धार शहर के नाले उफान पर हैं। शहर की त्रिमूर्ति नगर, तिरुपति नगर, श्री कृष्णा नगर सहित कई कॉलोनियों में जल जमाव की स्थिति बन गई, पानी निकासी नहीं होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है कई घरों में घुटने घुटने तक पानी भर गया, वहीं शहर के प्राचीन श्री धारेश्वर मंदिर के गर्भ गृह में भी पानी भर गया है।
धार की मायापुरी कॉलोनी भारी बारिश के कारण पूरी तरह जलमग्न हो गई, जिसके चलते मोटर पंपों की सहायता से कॉलोनी का पानी निकाला जा रहा है, नगर के मुख्य मार्गों पर भी बारिश का पानी जमा हो जाने से वाहन चालकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप के सामने एक बड़ा पेड़ टूट कर गिर गया, जिससे यातायात अवरुद्ध रहा। कलेक्टर ने लगातार बारिश के चलते देर रात सभी स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी थीं। प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से पैनी निगाहें बनाए हुए हैं। भारी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
11:45 AM, 16-Sep-2023
छिंदवाड़ा में पांच इंच से ज्यादा बारिश, माचागोरा डैम के दो गेट खुले
छिंदवाड़ा में पिछले 72 घंटे से बारिश का सिलसिला जारी है। भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सबसे ज्यादा बारिश सौंसर में रिकॉर्ड की गई। यहां कुल आठ इंच बारिश हुई है, जो सबसे ज्यादा है। सौंसर के बाद चौरई में भी सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां शुक्रवार को 160 एमएम बारिश हुई है, जबकि छिंदवाड़ा में 68, मोहखेड़ में 104, अमरवाड़ा में 87, सौंसर में 158, पांढुर्ना में 70, बिछुआ में 73, परासिया में 148, जुन्नारदेव में 133, चांद में 153, और उमरेठ में 142 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अगले 24 घंटे के लिए जारी किया गया हाई अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए छिंदवाड़ा जिले में हाई अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है। नदी और नाले के किनारे लोगों को जाने से मना किया गया है।
11:08 AM, 16-Sep-2023

मोरटक्का पुल से आवागमन बंद
– फोटो : अमर उजाला
इंदौर से खंडवा का संपर्क टूटा
मध्यप्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के चलते नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। सुरक्षा को देखते हुए इंदौर खंडवा राजमार्ग मोरटक्का पुल (ओंकारेश्वर रोड़) से आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
10:59 AM, 16-Sep-2023
खतरे के निशान के आठ मीटर ऊपर बह रही ताप्ती
ताप्ती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा गया है । जिले में लगातार बारिश व बैतूल के बांध से पानी छोड़े जाने के बाद ताप्ती नदी खतरे के निशान से आठ मीटर ऊपर बह रही है। ताप्ती नदी 220 खतरे के निशान से आठ मीटर ऊपर बह रही है। ताप्ती नदी में बाढ़ से सभी घाट, पिपलघाट, राजघाट, सतियारा घाट हुए जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी निचली बस्तियों के लोगों के घरों में घुस रहा है। निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों के घरों में जिला प्रशासन अन्य जगह भेजने में जुट गया है।
जिला प्रशासन ने होमगार्ड सहित पुलिस प्रशासन, निगम प्रशासन व राजस्व विभाग को मौके पर भेजा गया है। बैतूल और अन्य क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश के चलते जलस्तर बढ़ा गया है। इसको लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो चुका है। नदी के सभी तटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और होमगार्ड के जवान नजर बनाए हुए हैं। ताप्ती नदी के सभी घाट डूब चुके हैं। लोगों ने पहली बार बाढ़ का पानी आने के बाद ताप्ती नदी की पूजा अर्चना भी की है।
10:46 AM, 16-Sep-2023
इंदौर में बारिश ने तोड़ा 61 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
इंदौर में शुक्रवार शाम चार बजे से हुई बारिश ने शहर के कई हिस्सों को जलमग्न कर दिया है। एक दिन में हुई छह इंच से ज्यादा बारिश से कई बस्तियों में पानी भर चुका है। शहरवासियों ने सितंबर माह में इतनी बारिश इससे पहले कभी नहीं देखी। वर्षों बाद इतनी बारिश सितंबर माह में हो रही है। इंदौर में इससे पहले 1962 में छह इंच बारिश हुई थी। 61 साल बाद शहर में छह इंच से ज्यादा बारिश हुई है। बंगाल की खाड़ी पर बने कम दबाव के क्षेत्र और अरब सागर से आ रही नमी के कारण इंदौर में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भी शहर में तेज बारिश होगी।
10:20 AM, 16-Sep-2023
बुरहानपुर में स्कूलों की छुट्टी घोषित
बुरहानपुर कलेक्टर ने जिले में अतिवृष्टि के कारण जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया जाता है। जिन विद्यालय में त्रैमासिक परीक्षा संचालित है वे विद्यालय प्रथम पारी के उपस्थित छात्र-छात्राओं की परीक्षा यथावत संचालित करेंगे, द्वितीय पारी में परीक्षाएं संचालित नहीं होगी।
10:13 AM, 16-Sep-2023
चिलर डैम में 16 फीट पानी भरा
शाजापुर जिले में शुक्रवार रात से लगातार बारिश का दौर जारी है, जिसके चलते जिले के तमाम नदी नाले उफान पर हैं। शहर के चिलर डेम में 16 फिट के लगभग पानी भर चुका है। बारिश और तेज हवाओं के बीच रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो चुका है। लगातार बारिश के चलते जिले के तमाम नदी नाले उफान पर है। जिसके चलते ग्रामीण क्षेत्र की निचली पुल पुलिया के ऊपर पानी आ गया है। ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग विभाग के मुताबिक शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक पांच इंच वर्षा दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शनिवार को भी रिमझिम बारिश की संभावना बनी हुई है। आगामी दो दिनों तक ऐसा ही बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
10:08 AM, 16-Sep-2023
उज्जैन में भारी बारिश, गंभीर डेम के पांच गेट खोले गए
उज्जैन में शुक्रवार रात से लगातार जारी तेज बारिश के कारण शहर की प्यास बुझाने वाले गंभीर डेम के पांच गेट खोलने पड़े हैं। नगर निगम के पीएचई इंजीनियर राजीव शुक्ला ने बताया कि गंभीर डेम के लेवल को मैंटेन करने के लिए देर रात से पांच गेट खोले गए हैं।
10:00 AM, 16-Sep-2023

खतरे के निशान के ऊपर बह रही ताप्ती नदी
– फोटो : अमर उजाला
खतरे के निशान के ऊपर बह रही ताप्ती नदी
बुरहानपुर में लगातार 24 घंटे से हो रही बारिश के चलते शहर से बहने वाली ताप्ती नदी उफान पर है और इस समय खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिसके चलते प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। सतत पुलिस और होमगार्ड के जवान ताप्ती नदी के घाटों पर और निचली बस्तियों पर नजर बनाए हुए हैं। निचली बस्तियों को खाली करवाया जा रहा है और प्रशासन हर घंटे मॉनिटरिंग कर रहा है। सीसी गौरव पाटिल ने बताया कि बैतूल में ताप्ती नदी पर बने डैम के तीन गेट खोले गए हैं, जिसके चलते और भी पानी बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और होमगार्ड, एसडीआरएफ, नगर निगम, एवं पुलिस की टीम घाटों पर और निचली बस्तियों पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।
09:52 AM, 16-Sep-2023

खंडवा का इंदौर बुरहानपुर से टूटा संपर्क
– फोटो : अमर उजाला
खंडवा का इंदौर-बुरहानपुर से टूटा संपर्क
खंडवा जिले के खेड़ी घाट पर नर्मदा नदी पर बने ब्रिज से आवागमन रोक दिया गया है। ब्रिज से नर्मदा का जलस्तर लगभग समान ही हो चुका है। यहां नर्मदा रौद्र रूप में बह रही है। आवागमन बंद होने से खंडवा बुरहानपुर जिलों का इंदौर से सीधे सड़क मार्ग का संपर्क टूट गया है। इधर अबना नदी भी उफान पर होने से इस पर भी फिलहाल आवागमन बन्द है। बता दें कि जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डेम के गेट खोले गए हैं और नर्मदा में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके चलते इस तरह के हालात बने हैं।
मांधाता थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि डेम से लगातार पानी छोड़ने की कैपेसिटी को बढ़ाया जा रहा है। साथ ही समय के साथ-साथ और अधिक पानी छोड़ा जाएगा। उसी के मद्देनजर पूर्व से ही एहतियातन खेड़ी घाट के ब्रिज को हमने बंद कर दिया है और जैसे भी निर्देश होंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तो पूर्णतः इस ब्रिज को हमने बंद कर दिया है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 30000 क्यूसेक पानी और छोड़ा जाना है उसी के लिए व्यवस्थाएं की जा रही है।
09:33 AM, 16-Sep-2023

सेठानी घाट का जलस्तर 962 फीट हुआ
– फोटो : अमर उजाला
सेठानी घाट का जलस्तर 962 फीट हुआ
नर्मदापुरम जिले में दो दिन से लगातार बारिश का दौर जारी है। जिसके चलते नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। तवा डैम के 13 गेटों को 10 फीट हाइट पर खोलकर 217906 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। नर्मदापुरम के सेठानी घाट का जलस्तर 962 फीट पर पहुंच गया है, जो कि खतरे के अलार्म से महज दो फीट नीचे है। प्रशासन ने बढ़ते जल स्तर को देखते हुए निचली बस्तियों में अलर्ट जारी किया है।
09:01 AM, 16-Sep-2023
उज्जैन में भी स्कूलों की छुट्टी
उज्जैन में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है, वहीं कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने भी शनिवार को स्कूलों और आंगनवाड़ी की छुट्टी घोषित की है। शुक्रवार रात से हो रही भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर कुमार पुरषोत्तम ने शनिवार को सभी शासकीय और निजी स्कूलों और आंगनवाड़ी का अवकाश घोषित किया है। अवकाश जिले के सभी स्कूलों में नर्सरी से 12 कक्षा तक के लिए किया गया है।
उफान पर शिप्रा नदी, कई मंदिर डूबे
लगातार हो रही बारिश से शिप्रा नदी भी उफान पर है। रामघाट के कई मंदिर डूब गए हैं। बारिश का पानी बड़े पुल से कुछ ही नीचे बह रहा है। नदी नालों पर अत्यधिक पानी होने के साथ ही यह बारिश किसी के लिए आफत ना बने इसीलिए कलेक्टर ने यह आदेश जारी किए हैं।